वाहन चेकिंग के दौरान दरोगा से भिड़ा सीआईएसएफ का जवान, हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। कोतवाली के म्योहर गांव में वाहन चेकिंग कर रहे अर्का महावीरपुर चौकी प्रभारी के साथ एक सीआईएसएफ जवान ने साथियों के साथ बदसलूकी कर दी। जवान ने दरोगा के साथ हाथापाई करने के साथ ही उसका बिल्ला नोच लिया। जानकारी पर पहुंची यूपी-112 ने हंगामा करने वाले जवान को हिरासत में लिया तो ग्रामीण उसे जबरन छुड़ा ले गए। मामले में देर शाम दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
अर्का महावीर चौकी प्रभारी प्रमोद राय सोमवार की शाम हमराही सिपाही जगदीश के साथ म्योहर में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोगों को पुलिस ने रोका। बाइक चालक हेलमेट भी नहीं लगाए था। पुलिस ने उनका चालान करना चाहा तो वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए। चेकिंग के दौरान पकड़े गए लोगों की पहचान म्योहर गांव निवासी अनंत प्रताप सिंह पुत्र नवल किशोर, रोहित सिंह पुत्र मान सिंह और रवि सिंह पुत्र दत्तेलाल के रूप में हुई। रोहित सिंह सीआईएसएफ में जवान है। आरोप है कि चेकिंग से भन्नाए रोहित ने दरोगा के साथ हाथापाई की व उसका बिल्ला नोच लिया। घटना की जानकारी पर यूपी 112 की वैन मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट करने वाले तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया। इसी बीच वहां पहुंचे गांव के बृजेश सिंह ने अपने समर्थकों के साथ सभी को जबरन छुड़वा दिया। बाद में पुलिस ने किसी तरह बृजेश सिंह, अनंत प्रताप और नक्षत्र सिंह को हिरासत में लिया। मामले में देर शाम दरोगा प्रमोद राय की तहरीर पर पांच नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।