वैवाहिक समारोह में लगे पंडाल में उतरा करंट, बालक की मौत
- शादी वाले घर में खुशियों की जगह छाया मातम, सादे समारोह में निभाई गईं रस्में
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सुहेला गांव में सोमवार रात एक वैवाहिक कार्यक्रम में लगे पंडाल में उतरे करंट की चपेट में आकर बालक की मौत हो गई। घटना से खुशियों की जगह कोहराम मच गया। सादे समारोह में विवाह की रस्में पूरी की गईं। घरातियों ने पंडाल सजाने पहुंचे इलेक्ट्रीशियन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
रामपुर सुहेला गांव निवासी बच्ची लाल के बेटी की शादी थी। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव के रामसिंह का बेटा शीनू (9) भी गया था। रात को बराती डीजे पर नाचते हुए द्वारचार के लिए पहुंचे। तभी वहां रहे शीनू ने पंडाल में लगे पाइप को पकड़ लिया। पाइप में ट्यूब लाइट बंधी थी और उसके तार खुले थे। शीनू का हाथ अचानक पाइप से छू गया। इसे लेकर वह करंट की चपेट में आ गया। घटना से कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन जेनरेटर बंद करके आपूर्ति बंद की गई। शीनू को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। इंस्पेक्टर विनोद मौर्या का कहना है मृतक के घरवालों ने इलेक्ट्रीशियन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।