कड़ा ब्लॉक के औरेनी गांव में मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय का निर्माण होगा। शासन से निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। यह विद्यालय करीब 25 करोड़ रुपये से तैयार होगा। इसके बाद फर्नीचर व अन्य के लिए बजट मिलेगा। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई होगी।
औरेनी ग्राम पंचायत में कड़ा धाम थाने के ठीक सामने करीब 12 एकड़ पर मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय का निर्माण होगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्कूल क्षेत्र के लिए एक मॉडल विद्यालय बनेगा।
बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि यहां परिसर में स्मार्ट कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, शिक्षकों के लिए कक्ष, प्रशासनिक भवन के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए मिनी स्टेडियम का भी निर्माण किया जाएगा।
विद्यालय निर्माण के लिए दो माह पूर्व जिले से भूमि चिह्नित कर राज्य परियोजना कार्यालय को रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट को स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। डीसी निर्माण वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन से विद्यालय निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। अब प्रथम चरण में मिट्टी भराई के लिए बजट की मांग बीएसए कार्यालय की ओर से की गई है। जैसे ही बजट उपलब्ध होगा, सबसे पहले भूमि की मिट्टी भरकर समतलीकरण कराया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
दो साल में पूरा होगा निर्माण कार्य
बीएसए ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे दो वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालय के शुरू होने से कड़ा ब्लॉक समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलने के साथ ही निजी विद्यालयों पर निर्भरता भी कम होगी। मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राओं को अब आधुनिक संसाधनों के साथ उच्च गुणवत्ता की शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी।
अभी यहां है सुविधा
बीईओ कड़ा नीरज उमराव ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय का निर्माण तहसील स्तर पर हो रहा है। बीएसए ने बताया कि सिराथू तहसील में दो ब्लॉक हैं। कड़ा में 149 व सिराथू ब्लॉक में 192 विद्यालय हैं।