इंटरमीडिएट के रसायन विज्ञान की परीक्षा में डीएम व सीडीओ ने दूसरी पाली में सिराथू के डेंजर जोन में ताबड़तोड़ छापा मारा। शिवमंगल सिंह इंटर कालेज अंबाई बुजुर्ग में डीएम व गुलाब सिंह उमावि कोरियो कड़ा में सीडीओ ने सामूहिक नकल पकड़ी। कई केंद्रों की कापियां हूबहू मिलने पर दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों को काली सूची में डाल दिया। डीएम ने परीक्षा निरस्त कर दी है। इसके अलावा तीन केंद्र व्यवस्थापक व दो कक्ष निरीक्षक परीक्षा से हटाए गए हैं।
बुधवार को डीएम अखंड प्रताप सिंह परीक्षा केेंद्रों का निरीक्षण करने निकले। डीएम ने शिव मंगल सिंह इंटर कालेज अम्बाई बुजुर्ग में छापा मारा। कक्ष-संख्या पांच व छह के परीक्षार्थियों से उनकी कापियों में लिखे प्रश्नों का जवाब मांगा तो वह चुप रहे। इसके बाद कापियों का मिलान किया गया तो वह हूबहू मिलीं। इससे नाराज डीएम ने कक्ष निरीक्षकों को जमकर फटकारा। मामले में कार्रवाई करते हुए डीएम ने परीक्षा निरस्त करते हुए केंद्र को काली सूची में डाल दिया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया। सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने सबसे पहले उदय श्याम इंटर कालेज सिराथू में छापा मारा। दो कक्ष निरीक्षकों की भूमिका संदिग्ध होने पर उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया।
केंद्र व्यवस्थापक को भी सीडीओ ने हटा दिया। इसके बाद सीडीओ ने गुलाब सिंह उमावि कोरियो कड़ा में छापा मारा। यहां सीडीओ को सामूहिक नकल करते परीक्षार्थी मिले। इसके अलावा भारी मात्रा में नकल सामग्री भी मिली। यह सब खेल स्टेटिक मजिस्ट्रेट विवेक उपाध्याय की मौजूदगी में हो रहा था। इससे नाराज सीडीओ ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट के खिलाफ डीएम को रिपोर्ट भेजते हुए स्कूल को काली सूची में डालने की कार्रवाई की। इस परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है।
स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की संदिग्ध होती जा रही भूमिका
बोर्ड परीक्षा में अब दो स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में सीडीओ ने सामूहिक नकल पकड़ी है। हालांकि दोनों परीक्षा केंद्रों को काली सूची में डाला जा चुका है। चार दिन पहले स्टेटिक मजिस्ट्रेट आशीष गौड़ की मौजूदगी में नकल पकड़ी गई थी। यह मामला ठंडा नहीं हुआ था कि मंगलवार को सीडीओ ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट विवेक उपाध्याय की मौजूदगी में केंद्र के भीतर सामूहिक नकल पकड़ी। इससे केंद्रों में तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की भूमिका पर प्रश्न चिह्न लगने लगा है। डीएम ने इन दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है।