उम्मीदवार बनने की खुशी में जुलूस निकालना चायल के भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता को महंगा पड़ा। रविवार की रात भरवारी बाजार में प्रत्याशी के नेतृत्व में समर्थकों ने जुलूस निकालकर आतिशबाजी की थी। इस मामले में कोखराज थाने की पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी समेत सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात लोगों की पहचान के लिए वीडियो देखे जा रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार की शाम को भाजपा की तीनों सीटों पर प्रत्याशी घोषित किया था। चायल से संजय गुप्ता की घोषणा की गई थी। इसकी जानकारी होते ही संजय गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ ढोल तासे के साथ कस्बे का भ्रमण किया था। इस दौरान उनके समर्थकों ने आतिशबाजी भी की थी। समर्थकों को रोकने में पुलिस को मशक्कत भी करनी पड़ी थी। आचार संहिता का उल्लंघन होने पर अफसरों के निर्देश पर भरवारी चौकी प्रभारी सहजानंद श्रीवास्तव भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता और उनके सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। रिपोर्ट दर्ज होने से संजय गुप्ता के समर्थकों की नींद उड़ गई है। पुलिस जुलूस में शामिल रहे लोगों को चिह्नित करने में जुटी है। इसके लिए मोबाइल से बनाए गए वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं।