चायल (ब्यूरो)। तहसीलदार के तबादले की मांग को लेकर चायल के अधिवक्ताओं ने आरपार की जंग छेड़ दी है। वकीलों ने सोमवार से अनशन शुरू कर दिया है। वकीलों का ऐलान है कि तबादले के बाद ही वे दुबारा काम पर लौटेंगे।
बता दें कि चायल तहसील के अधिवक्ता तहसीलदार की कार्यप्रणाली से खफा हैं। आरोप है कि आय, जाति, आवास प्रमाणपत्रों के लिए लोगों को कई-कई दिनों तक दौड़ाया जाता है। वहीं दाखिल खारिज कराने के लिए भी लोग कई-कई महीने तक परेशान होते हैं। अधिक्ताओं का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत भी उच्चाधिकारियों से की गई। इसके बाद भी तहसीलदार की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ। अधिवक्ताओं की मानें तो तीन दिन पहले एसडीएम को ज्ञापन भी दिया था।
अधिवक्ताओं का कहना है कि एसडीएम ने तीन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे गुस्साए वकीलों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार करते हुए अनशन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी। उनका यह अनशन जारी रहेगा। इस मौके पर अधिवक्ता धर्मराज ओझा, बांकेलाल, अमर सिंह, राजेश्वर, संतोष कुमार, सगीर अहमद, मान सिंह आदि मौजूद रहे। मामले में एसडीएम रजनीश मिश्र ने बताया कि अधिवक्ताओं से वार्ता की गई है। जल्द ही उनकी समस्याओं का निदान कर दिया जाएगा।