गोरखपुर डोमिनगढ़ खंड में तीसरी लाइन के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से भरवारी से कानपुर तक जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस ट्रेन को 28 सितंबर तक निरस्त कर दिया गया है। इससे खागा, फतेहपुर और कानपुर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इस कार्य की वजह से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। चौरीचौरा एक्सप्रेस के साथ कुछ अन्य ट्रेनें भी अस्थायी रूप से रद्द की गई हैं। मंगलवार को कुछ ट्रेनें निरस्त रहीं, जबकि बुधवार से औपचारिक रूप से निरस्तीकरण लागू हो गया।
बुधवार को कानपुर अनवरगंज-गोरखपुर (15003) ट्रेन निरस्त रही और यह स्थिति 28 सितंबर तक जारी रहेगी। यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। चौरीचौरा एक्सप्रेस की जगह अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमो ट्रेन (63238-63237) प्रयागराज से कानपुर तक निर्धारित समय पर चलेगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे चौरीचौरा ट्रेन के समय के अनुसार ही स्टेशन पर पहुंचें। गोरखपुर-कानपुर अनवरगंज (15004) ट्रेन भी 27 सितंबर तक निरस्त रहेगी और उसकी जगह मेमो ट्रेन का संचालन किया जाएगा। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था केवल कार्य पूरा होने तक ही लागू रहेगी।