गोद लिए गांव में सांसद विनोद सोनकर ने रविवार को चौपाल लगाई। अफसरों के साथ सांसद ने गांववालों से उनकी समस्याएं सुनकर इस गांव के विकास का खाका तैयार किया। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने गांव में 3 हाईमास्ट, 20 सोलर लाइट और 200 शौचालयों का निर्माण अपनी निधि से कराने की घोषणा की।
बता दें कि पीतल नगरी के रूप में विख्यात सिराथू तहसील के शमसाबाद गांव को सांसद विनोद सोनकर ने आदर्श गांव बनाने के लिए गोद ले रखा है। रविवार को इस गांव के विकास कार्यों की समीक्षा और गांव के बुनियादी समस्याओं को दूर कराने के लिए उन्होंने डीएम, सीडीओ समेत अन्य विभागाध्यक्षों के साथ चौपाल लगाई। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अफसरों को चेताया कि शमसाबाद को आदर्श बनाने के लिए संजीदगी से कार्य कराएं ताकि यह गांव विकास, स्वच्छता समेत सभी मामलों में अन्य गांवों के लिए आदर्श बने। समीक्षा के बाद सांसद ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानी। गांववालों की मांग पर तीन हाईमास्ट, 20 सोलर लाइट के अलावा 200 शौचालयों के निर्माण की रकम अपनी निधि से देने की घोषणा की। सांसद ने इस गांव में शौचालय 15 मई से पहले बनाकर इस गांव को खुले में शौच से मुक्त कराने की हिदायत अफसरों को दी। कहा कि ऐसा होने पर वे एक रात अपने परिवार के साथ इस गांव में प्रवास करेंगे। चौपाल में डीएम अखंड प्रताप सिंह, सीडीओ ओम प्रकाश आर्य, डीपीआरओ आरपी मिश्र, सीएमओ डॉ. यूबी सिंह, डीडीओ महेंद्र पांडेय, एसडीएम सिराथू दुर्गेश चतुर्वेदी के अलावा ब्लॉक प्रमुख सिराथू जितेंद्र सोनकर, चेयरमैन भरवारी संजय गुप्ता, भाजपा नेत्री अनीता त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं।