सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू में सोमवार को ओपीडी में लगी मरीजों की लंबी लाइन। संवाद
उमसभरी गर्मी के बाद रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। इस वजह से वायरल फीवर के मरीजों में भी इजाफा हुआ है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू की ओपीडी में सोमवार को 800 मरीज पहुंचे। इनमें से करीब 500 मरीज वायरल फीवर से पीड़ित थे।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सभी मरीजों को दवाएं देने के साथ खानपान, स्वच्छता और बचाव संबंधी सलाह दी जा रही है।
फिजिशियन डॉ. कंचन सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान भीगने से बचें, ठंडे पानी और ठंडे भोजन का सेवन न करें और सर्दी-जुकाम या बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न खाएं।
डॉक्टरों ने लोगों से बदलते मौसम में सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने, पौष्टिक भोजन करने और लक्षण दिखाई देने पर अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की सलाह दी।