जिले के परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर बदलाव किया गया है। 24 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक चलने वाली परीक्षा अब 29 मार्च तक चलेगी। 28 मार्च को जिले में अलविदा जुमा का स्थानीय अवकाश घोषित होने से इस दिन की परीक्षा 29 मार्च को कराई जाएगी। परिणाम अप्रैल के पहले हफ्ते में घोषित होगा।
इस बार परिषदीय स्कूलों के परिणाम ऑनलाइन भी देखे जा सकेंगे, इसकी तैयारी चल रही है। दो पालियों में होनी वाली कक्षा एक की परीक्षाएं मौखिक, कक्षा दो से आठ तक की परीक्षाएं लिखित होंगी।
शैक्षिक सत्र 2024-25 की वार्षिक परीक्षा के लिए मॉडल प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में तैयार हो रहे हैं। यहां से तैयार प्रश्नपत्र बीएसए को उपलब्ध कराए जाएंगे। बीएसए इन प्रश्नपत्रों को प्रिंट कराने के बाद 21 मार्च की सुबह 11:00 बजे तक जिला समन्वयक प्रशिक्षण समग्र शिक्षा के माध्यम से खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजेगा। इसके बाद सभी प्रधानाध्यापकों को प्रश्नपत्र का बंडल सौंपा जाएगा।
कक्षा एक की होगी मौखिक परीक्षा
कक्षा-एक की वार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो से कक्षा पांच तक की वार्षिक परीक्षा लिखित होगी। कक्षा छह से आठ की वार्षिक परीक्षा भी लिखित होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक होगी। लिखित परीक्षा 50 अंकों की होगी। परीक्षा में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे। कक्षा दो, तीन, चार, छह एवं कक्षा सात की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्कूल में ही अध्यापक करेंगे। कक्षा पांच की कॉपियां एनपीआरसी और आठ की कॉपियों का मूल्यांकन ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर होगा।
-
परीक्षाएं परिषद के नियमों के तहत कराई जाएंगी। परीक्षा एवं मूल्यांकन में में किसी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित जिम्मेदार होंगे। सभी की जिम्मेदारी तय करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
डॉ.कमलेंद्र कुमार कुशवाहा,बीएसए