केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जिले में हवा निकलती दिख रही है। साल भर से अधिक वक्त गुजरने के बावजूद अब तक जिले के मात्र 103 घर ही योजना से रोशन हो सके हैं। योजना के शुरू होने के बाद 15 हजार से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराए। लेकिन, पहले जेब से मोटी रकम लगने की वजह से लोग योजना में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। उत्पादन के लिए बड़े-बड़े प्लांट लगाए जा रहे हैं। पिछले वर्ष 13 फरवरी को पीएम सूर्य घर योजना का शुभारंभ किया गया था। जिले में तीन साल भीतर सात हजार घरों में सोलर पैनल लगवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है था।
घरेलू उपभोक्ताओं को एक से तीन किलोवाट कनेक्शन के लिए लोन के साथ अनुदान की भी व्यवस्था की गई है। एक किलोवाट सोलर पैनल की कीमत 90 हजार रुपये तक होती है। इस धनराशि को जमा करने पर सब्सिडी की रकम 30 हजार रुपये बाद में वापस मिलती है। मुफ्त पंजीकरण होने के कारण शुरुआती दौर में अफसरों ने 15 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा दिए।
लेकिन, आवेदन की बारी आई तो सिर्फ 263 लोगों ने ही आगे की प्रक्रिया पूरी की। अफसरों के मुताबिक 103 घरों में सोलर पैनल लगवाए गए हैं। कौशाम्बी ब्लॉक के मझियारी चक ऐलई रोशन गांव के रामविलास ने बताया कि उनके यहां महीने भर पहले प्लांट लगा दिया गया। लेकिन, अभी कनेक्शन नहीं चालू किया गया। इसी तरह म्योहर के भारत सिंह ने बताया कि धनराशि तो जमा कर दी है। लेकिन, अभी तक कनेक्शन नहीं चालू किया गया।
दो लाख रुपये का लोन, 78 हजार का अनुदान
तीन किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने पर 1.85 से 2.10 लाख रुपये खर्च आता है। इसके लिए केंद्र सरकार एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपये का अनुदान दे रही है। योजना के लिए सरकार की ओर से दो लाख रुपये का लोन भी दिया जा रहा है। सात प्रतिशत ब्याज के साथ 120 किस्तों में इसे अदा करना है।
-
300 यूनिट हर महीने फ्री, इसके ऊपर देना होगा पैसा
योजना अनुसार उपभोक्ता को 300 यूनिट हर महीने बिजली दी जाती है। उससे अधिक बिजली उपयोग करने पर ही उपभोक्ता से शुल्क लिया जाता है। यानि वह रोजाना 10 यूनिट बिजली का फ्री उपयोग कर सकता। इससे अधिक बनने वाली बिजली डिस्कॉम लेगा। इसके बदले उसे 2 रुपए 71 पैसे प्रति यूनिट का भुगतान किया जाएगा।
-
पीएम सूर्यघर योजना के तहत तीन साल के दौरान जनपद में 7 हजार संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य मिला है। पहले इसकी जिम्मेदारी पीओ नेडा को सौंपी गई थी। अभी तीन माह पहले ही विकास विभाग को योजना संचालन का जिम्मा मिला है। इनमें से 103 घरों में सोलर पैनल लगवा दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है।
-सुखराज बंधु,डीडीओ/प्रभारी अधिकारी पीएम सूर्य घर योजना