जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में अगस्त माह में चायल तहसील फिर से पहले पायदान पर पहुंच गया है। बीते जून महीने में भी चायल की रैंकिंग प्रदेश भर में पहले स्थान पर थी। जबकि, जुलाई माह में घटकर 37वें स्थान पर पहुंच गई थी।
पोर्टल पर शिकायतों को निस्तारण की स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ता को मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन कर फीडबैक लिए जाते हैं। समय से शिकायत निस्तारण न होने पर उसे डिफॉल्टर संदर्भ की सूची में डाल दिया जाता है। अगस्त महीने में चायल तहसील में 331 शिकायतें आईं इनमें से सभी शिकायतों का निस्तारण किया गया। शासन स्तर से 44 शिकायतकर्ताओं का फीडबैक भी लिया गया जिनमें से 44 में से 43 शिकायतकर्ता संतुष्ट मिले। जबकि, एक शिकायतकर्ता असंतुष्ट मिला।
पनारा गोपालपुर निवासी जगरूप ने वरासत के लिए शिकायत दर्ज कराई थी। जिसे पांच दिवस के अंदर निस्तारित कर दिया है। जबकि, पंसौर की कलावती के आवेदन पर बेटे का जन्म प्रमाण पत्र सात दिवस के भीतर निर्गत कर दिया गया। जुलाई माह में 37वें पायदान पर रहा चायल तहसील अगस्त माह की रैंकिंग में फिर से पहले स्थान पहुंच गया है। वहीं सिराथू तहसील की 25वीं रैंक है। मंझनपुर तहसील की रैंकिंग 298 दर्ज की गई है।
एसडीएम आकाश सिंह ने बताया कि हमारा फोकस केवल आईजीआरएस निस्तारण तक सीमित न रखते हुए आम जनमानस की संतुष्टि पर होना चाहिए। यही वास्तविक कार्य की कसौटी है। शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला प्रशासन ने सराहना की है। इसके साथ ही अन्य तहसीलों को भी जनहित से जुड़े दायित्वों को और अधिक गंभीरता से करने का निर्देश दिया है।