मुख्यालय के चमनगंज एवं नया नगर मोहल्ले में मंगलवार को विजिलेंस टीम ने जेई और एसडीओ के साथ छापे मारे। इस दौरान 13 उपभोक्ताओं का एक लाख से अधिक का बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। वहीं, बिना कनेक्शन के बिजली का उपभोग कर रहे तीन लोगों पर चोरी का मुकदमा पंजीकृत कराया गया।
विजिलेंस टीम के प्रभारी एसआई सदाशिव मौर्या की अगुवाई में जेई विनम्र पटेल और एसडीओ धीरज यादव ने मुख्यालय के चमनगंज और नया नगर मोहल्ले में छापे मारे। इस दौरान उन्हें एक लाख से अधिक के 13 बकाएदार मिले।
जिनका तत्काल कनेक्शन काट दिया गया। वहीं चमनगंज मोहल्ले में बिना कनेक्शन लिए विद्युत का उपयोग कर रहे मो. अकरम, हसीना बेगम और आरजू बानो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। इतना ही नहीं बकाया होने पर पिछले महीने जान मोहम्मद और मो. आयूब का कनेक्शन काट दिया गया था। लेकिन दोनों ने विभाग से अनुमति लिए बिना बिजली का उपभोग शुरू कर दिया। ऐसे में उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की गई। टीम की इस कार्रवाई से बड़े बकाएदारों में हड़कंप मचा रहा।