जालसाजी में बीओबी के शाखा प्रबंधक समेत दो के खिलाफ मुकदमा
-मृतक को जीवित दिखा पड़ोसी की भूमि बंधक करा खाते से निकाल लिए सवा लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर (कौशाम्बी)। कौशाम्बी कोतवाली के मझियारी गांव के एक जालसाज ने मृत पड़ोसी को जीवित दिखाते हुए अभिलेखों में हेराफेरी कर बैंक खाते से सवा लाख रुपये निकाल लिए। मृतक के बेटे की तहरीर और एसपी के निर्देश पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने बैक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) के शाखा प्रबंधक व जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मझियारी चक ऐलई रोशन निवासी किशोरी लाल ने बताया कि सात साल पहले उसके पिता मोहन लाल की मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद खतौनी चेक की तो पता चला कि पड़ोसी गांव बड़गांव निवासी मोहन उर्फ मोहन लाल ने मृतक को जिंदा दिखाकर खुद मोहन लाल बन बैंक में भूमि को बंधक कराते हुए खाते से सवा लाख रुपये का ऋण ले रखा है। किशोरी का आरोप है कि अभिलेखों में हेराफेरी कर पड़ोसी ने शाखा प्रबंधक से मिलीभगत कर बैंक खाते से धन आहरित किया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की। बुधवार को एसपी के निर्देश और पीड़ित की तहरीर पर कौशाम्बी कोतवाली पुलिस ने बीओबी कौशाम्बी के शाखा प्रबंधक समेत जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।