सैनी कोतवाली क्षेत्र में निदूंरा गांव से कार सवार बदमाशों ने एक छात्र का अपहरण कर लिया। जानकारी परिजनों को हुई तो सनसनी फैल गई। आरोप है कि सूचना के बाद भी कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
निदूंरा गांव निवासी लालचंद्र सयांरा स्थित एक महाविद्यालय में बीएससी का छात्र है। बृहस्पतिवार दोपहर वह घर पर था, तभी कार सवार कुछ लोग पहुंचे और लालचंद्र को जबरन गाड़ी में बैठाकर भाग गए। परिजन कुछ समझ पाते, कार सवार दूर जा चुके थे।
परिजनों ने लालचंद्र के फोन नंबर पर कॉल किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इस पर परिजन घबरा गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। इस पर लालचंद्र के बड़े भाई ज्ञानचंद्र परिजनों और पड़ोसियों के साथ सैनी कोतवाली पहुंचे और अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर पुलिस को दी।
सैनी कोतवाल तेज बहादुर सिंह का कहना है कि लड़के को जो लोग ले गए हैं, वह कोखराज थाने में है। प्रेम प्रपंच का मामला बताया जा रहा है। लालचंद्र के परिजनों को कोखराज थाने भेजा गया है।