फोटो खींचने के बहाने बुलाकर कैमरामैन को लूटा
- पिपरी के रावतपुर स्थित मेडिसिटी अस्पताल के पास दिन में हुई घटना, छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के रावतपुर स्थित मिडिसिटी अस्पताल के पास मंगलवार की दोपहर तमंचे की नोक पर बदमाशों ने कैमरामैन की पिटाई कर लूट लिया। चीख पुकार सुन लोगों को जुटता देख बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
प्रयागराज शहर के बम्हरौली शेख सरवा गांव निवासी सौरभ यादव ने बताया कि वह कैमरा मैन है। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे सौरभ यादव के मोबाइल फोन पर काॅल आई। जिसमें बात करने वाले शख्स ने रावतपुर स्थित यूनाइटेड मिडि सिटी के पास फोटो खींचने के लिए बुलाया। कैमरा लेकर दोपहर 2.30 बजे सौरभ फोन से बताए गए स्थान पर पहुंचा गया। आरोप है कि इस बीच वहां उसे दो युवक मिले। दोनों युवकों ने सौरभ को देखते ही तमंचा निकाल लिया। किसी अनहोनी की आशंका होने पर सौरभ ने भागने का प्रयास किया तो तमंचा धारी बदमाशों ने दौड़ा कर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा सटा कर मारपीट करते हुए 800 रुपये, मोबाइल और कैमरा लूट लिया। शोरगुल करने पर उधर से गुजर रहे राहगीर जब तक मौके पर पहुंचते बदमाश धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि घटना संदिग्ध है। छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।