कस्टमर एप डाउनलोड करा साइबर शातिर ने चौकी प्रभारी के खाते से पार किए 1.37 लाख रुपये
ठगी के शिकार दरोगा की पत्नी की तहरीर पर संदीपनघाट कोतवाली में केस हुआ दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। जिले के एक चौकी इंचार्ज साइबर शातिरों का शिकार हो गए। साइबर अपराधी ने झांसे में लेकर चौकी इंचार्ज से कस्टमर एप डाउनलोड कराने के बाद उनके बैंक खाते से 1.37 लाख रुपये पार कर दिए। ठगी के शिकार दरोगा की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जौनपुर जिले के जफराबाद निवासी प्रमेश कुमार यादव संदीपनघाट कोतवाली के हर्रायपुर चौकी प्रभारी हैं। बताया कि दो दिन पहले साइबर अपराधी ने उन्हें कस्टमर एप डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही जालसाजों ने चौकी प्रभारी के बैंक खाते से एक लाख 37 हजार रुपये पार कर दिए। कुछ देर बाद मोबाइल में मैसेज आया तो चौकी प्रभारी के होश उड़ गए। खुद के साथ हुई साइबर ठगी की जानकारी उन्होंने पत्नी संगीता देवी को दी। इसके बाद बृहस्पतिवार की शाम पीड़ित दरोगा की पत्नी ने संदीपनघाट कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि चौकी प्रभारी हर्रायपुर के साथ साइबर ठगी हुई है। उनके पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच साइबर टीम को सौंप दी गई है।
साइबर अपराध से बचाव के तरीके
0 मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें।
0 एंटी-वायरस सॉफ़्टवेयर का उपयोग करें।
0 स्पैम ईमेल में कभी भी अटैचमेंट न खोलें।
0 जब तक सुरक्षित न हो व्यक्तिगत जानकारी न दें।
0 संदिग्ध अनुरोधों के बारे में सीधे कंपनियों से संपर्क करें।
0 इस बात का ध्यान रखें कि आप किस वेबसाइट के यूआरएल पर जा रहे हैं।
0 गूगल पर दिए गए नंबरों को यकीन कर बैकिंग काम न करें।