मंझनपुर बस डिपो स्थित कार्यशाला में बसों की मरम्मत करते कर्मचारी। संवाद
गर्मी को देखते हुए परिवहन विभाग ने स्थानीय बस डिपो में बसों की मरम्मत और मेंटेनेंस का कार्य तेज कर दिया है। मंझनपुर स्थित बस डिपो से 27 बसों का संचालन होता है। इनमें से रोजाना करीब तीन बसों की मरम्मत और सर्विसिंग की जा रही है।
प्रत्येक बस के इंजन, ब्रेक, शीशे, खिड़कियां, गेट और कूलिंग सिस्टम की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि गर्मी के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी खराबी न हो। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में बसों के इंजन और कूलिंग सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे अचानक खराबी की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में पहले से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि यात्रियों को सफर के दौरान परेशानी न उठानी पड़े।
गर्मी को देखते हुए वर्कशॉप के फोरमैन और कर्मचारियों को बसों की नियमित जांच और जो भी खराबी है उसे ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि, यात्रियों को सफर के दौरान कोई भी परेशानी न हो। - गंगा शंकर शर्मा, डिपो इंचार्ज