भगतपुरा चौराहे से रानीपुर, शाहपुर -करारी संपर्क मार्ग। संवाद
भगत का पूरा चौराहा से शाहपुर करारी संपर्क मार्ग की करीब 9.8 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण लोक निर्माण विभाग ने बीते साल कराया था। इस पर करीब 35 लाख रुपये खर्च किए गए थे लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब रही कि सड़क सिर्फ आठ माह में ही हिचकोले दे रहीं है।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने इस कार्य का ठेका मेसर्स मंजू देवी फर्म को दिया था। लापरवाही का आलम यह है कि सड़क जगह-जगह से टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की लेकिन विभाग की ओर से अब तक केवल पत्राचार ही किया गया। फर्म को तीन बार पत्र भेजे गए लेकिन जवाब मिला और न ही मरम्मत कार्य शुरू किया गया। जबकि अनुबंध के अनुसार सड़क की अवधि दो साल की है।
इस संबंध में रानीपुर व रायपुर निवासी उमेश प्रताप, सुमन और सुरेंद्र कुमार आदि का कहना है कि टूटी सड़क पर रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है। बरसात के दिनों में हाल और भी खराब हो जाता है। ठेकेदार की लापरवाही से लोगों में नाराजगी है।
निर्देशों के बावजूद ठेकेदार ने अब तक काम शुरू नहीं किया है। यदि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य नहीं कराया जाता तो फर्म की धनराशि जब्त कर उसे काली सूची में डाला जाएगा। -दयाशंकर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग