bull attacked over labour, killed
- फोटो : KAUSHAMBI
नारा। नगर कोतवाली के दुवरा चौराहे पर रविवार की सुबह साइकिल सवार मजदूर पर सांड ने हमला कर दिया। इससे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा और क्षेत्र में गोशाला बनवाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद पहुंचे कोतवाल के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिसामपुर बहरेमऊ निवासी जगदीश (35) पुत्र रामबहादुर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। इधर कई दिन से उसे बुखार आ रहा था। रविवार की सुबह जगदीश साइकिल से दवा लेने दुवरा चौराहा स्थित निजी क्लीनिक गया था। क्लीनिक के बाहर साइकिल खड़ी करते ही पीछे से आए एक सांड ने उस पर हमला बोल दिया। आसपास रहे लोग जब तक दौड़कर उसे बचाते तब तक सांड ने उसके गर्दन में सींग घोंप दिया था इससे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजन बदहवाश हालत में रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद परिजनों ने स्थनीय लोगों के साथ मिलकर घटना स्थल पर ही चक्का जाम कर दिया। लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा और क्षेत्र में अन्ना मवेशियों के संरक्षण के लिए गोशाला बनवाने की मांग कर रहे थे। सूचना के बाद पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे कोतवाल मनीष पांडेय ने एसडीएम सिराथू राजेश श्रीवास्तव से ग्रामीणों की वार्ता कराई। आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए तो पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद से उनके परवरिश का संकट खड़ा हो गया है। इसे लेकर पत्नी की रो-रोकर हालत खराब है।