मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के शीतलपुर अंदावां गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। इससे दोनों जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और तहरीर लेकर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
क्षेत्र के बालकमऊ निवासी नंदलाल अपने भाई भारत लाल व भांजा केतन के साथ सात जून को निमंत्रण में शामिल होने के लिए शीतलपुर अंदावां गांव गया था। इसी गांव में नंदलाल की ससुराल भी है। उसने बताया कि भोजन के बाद शादी समारोह में मौजूद सैंता गांव के रोहित से कहासुनी हो गई। इसके बाद नंदलाल अपने भाई के साथ ससुराल चला गया।
आरोप है कि रात करीब 11 बजे रोहित अपने साथी बलराम व लालता प्रसाद निवासी शीतलपुर अंदावां के साथ कुल्हाड़ी व लाठी लेकर आया और नंदलाल पर हमला कर दिया। इससे वह खून से लथपथ होकर तड़पने लगा। बीचबचाव करने पर भाई भारत लाल को भी जमकर पीटा गया। ससुराल वालों के शोर मचाने व हस्तक्षेप पर विपक्षी धमकाते हुए भाग निकले। नंदलाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।