भाई-बहन को पीटा, लूटी बाइक
जिला कचहरी में गुरुवार को हुई घटना, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पेशी पर जिला कचहरी आए भाई-बहन की दबंगों ने गुरुवार को दिनदहाड़े पिटाई कर दी। युवक की बाइक भी लूट ली गई। आरोप है कि यूपी-100 पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई की। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने नगर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के चायल कस्बा निवासी हीरालाल पुत्र स्व. बर्फीलाल ने बताया कि उसकी बहन सरोज देवी का पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित की मानें तो गुरुवार को तारीख थी। इसमें वह बहन के साथ आया था। आरोप है कि भरी कचहरी में बहनोई ने साथियों संग मिलकर भाई-बहन को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। हमलावरों ने बाइक भी लूट ली। यूपी-100 पुलिस आरोपियों के पक्ष में ही निर्णय करके लौट गई। मामले में नगर कोतवाल उदयवीर सिंह का कहना है कि घटना संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।