चायल (ब्यूरो)। पुराने लोहे के पाइप के बंटवारे को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह बिलासपुर गांव में दो परिवारों के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान पट्टीदारों ने सगे भाईयों को पीटकर घायल कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस मारपीट के आरोपी तीन व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर गांव निवासी समरतीलाल पुत्र नन्हें ने बताया कि उसका पट़्टीदार से विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह नलकूप के पुराने पाइप के बंटवारे को लेकर उसकी पट्टीदार से कहासुनी हो गई। इसी दौरान पट्टीदार और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। मारपीट होती देख उसका छोटा भाई मिश्रीलाल बीच-बचाव करने पहुंचा।
आरोप है कि हमलावरों ने उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों भाई लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल अधेड़ की तहरीर पर पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि मामूली बात को लेकर झगड़ा और मारपीट हुई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। मारपीट से दोनों परिवारों में तनाव है।