मंझनपुर। पुरामुफ्ती इलाके में रविवार शाम एक युवक ने पड़ोस की एक विवाहिता के साथ दुराचार का प्रयास किया। विवाहिता के चिल्लाने पर आस-पास के लोग दौड़े तो आरोपी युवक धमकियां देते हुए भाग निकला। पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता रविवार शाम घर में अकेली थी। घर के अन्य परिजन पड़ोस में गए थे। इसी दौरान पड़ोस का एक युवक बहाने से घर के भीतर घुसा और जबरदस्ती करने लगा। युवक की हरकत देख युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की चीख पुकार सुन आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। परिजनाें और ग्रामीणों को आते देख आरोपी युवक कहीं भी शिकायत करने पर धमकियां देते हुए दीवार फांदकर भाग निकला। घर लौटे परिजनों को विवाहिता ने आपबीती बताई। सुबह पीड़िता को कोतवाली लेकर पहुंचे पति ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि विवाहिता के साथ छेड़खानी की गई है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।