कोखराज कोतवाली के रूप नारायणपुर सैलाबी गांव में रविवार की शाम कब्र खोदकर एक बालक का शव निकाला गया। परिजनों का आरोप है कि पांच माह पहले बालक की हत्या की गई थी। डीएम के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रूपनारायणपुर सैलाबी गांव निवासी लईक अहमद के बेटे तौसीफ अहमद (10) की 11 नवंबर 22 को अचानक मौत हो गई थी। उस वक्त पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजनों ने लाश का अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में उन्हें आशंका हुई की बालक की हत्या उसके चाचा शाकिर ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर की है।
लईक का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर मृतक के पिता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर पिछले दिनों कोखराज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद लईक ने बेटे का शव पोस्टमार्टम कराए जाने की फरियाद की। जिलाधिकारी सुजीत कुमार के आदेश पर रविवार की शाम नायब तहसीलदार सिराथू की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।