महेवाघाट के अजरौली गांव में हुई नथन लाल सरोज की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जमीन के विवाद में मृतक के दोनों बेटों ने अपनी मां के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी थी।
अजरौली में 28 मार्च की रात करीब 8:30 बजे नथन लाल सरोज की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना महेवाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान मृतक के सिर पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। जांच के क्रम में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर घटना में शामिल तीनों आरोपियों- लवलेश, झुरई उर्फ बनवारी और कलुटिया निवासी ग्राम अजरौली को मुखबिर की सूचना पर लौगावां नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।
दूसरी पत्नी के बेटे के नाम नथन करना चाहता था पूरी जमीन
आरोपियों ने बताया कि नथन लाल की दो शादियां थीं। पहली पत्नी कलुटिया से लवलेश और झुरई उर्फ बनवारी हैं, जबकि दूसरी पत्नी सावित्री देवी हैं। नथन लाल ने कुछ वर्ष पहले करीब सवा बीघा जमीन अपनी दूसरी पत्नी सावित्री के नाम कर दी थी और बाकी जमीन भी उसी के नाम करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर दोनों बेटों ने अपनी मां के साथ मिलकर योजना बनाई और कुल्हाड़ी से हमला कर पिता की हत्या कर दी।
अजरौली गांव में हुई हत्या की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और कपड़े बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। -राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक