मंझनपुर। भूमि अधिग्रहण बिल की खिलाफत में अब भाकियू भी उतर आई है। मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। मंझनपुर में चक्काजाम करते हुए मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को देकर जल्द इसमें सुधार नहीं किए जाने की मांग की। अनदेखी पर कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
मोदी सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन में मंझनपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष नुरूल इस्लाम और जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह चौहान की अगुवाई में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता और किसान सड़क पर उतर आए। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान अच्छे दिन लाने का वादा आमजन, किसानों से किया था। पर, कुर्सी मिलते ही वे अपने सभी वादों से मुकरने लगे हैं।
कहा कि रेलबजट से लेकर आम बजट तक आमजन और किसानों की अनदेखी की गई है। भूमि अधिग्रहण बिल भी किसानों की जमीन छीनकर पूंजीपतियों के हवाले करने की तैयारी है। उन्होंने ऐलान किया कि भाकियू केंद्र सरकार की एक भी मनमानी को बर्दाश्त नहीं करेगी। किसानों के साथ भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ बड़ा जनांदोलन छेड़ा जाएगा। करीब घंटे भर तक सड़क पर गरजने के बाद भाकियू नेताओं ने मौके पर आए एसडीएम सदर नरेंद्र बहादुर सिंह को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया।