मंझनपुर(ब्यूरो)। सूखी नहरें, बिजली कटौती से शोपीस बने नलकूप समेत कई समस्याओं को लेकर भाकियू ने शनिवार को मंझनपुर में हुंकार भरी। जिला पंचायत से लेकर कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। राज्यपाल को संबोधित 8 सूत्रीय ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में टेल तक नहरों में पानी, सिंचाई के लिए कम से कम 12 घंटे की बिजली आपूर्ति की मांग की गई है। 8 दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू करने की चेतावनी दी है।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को किसानों की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत परिसर में पंचायत लगाई। इस दौरान भाकियू नेताओं ने अफसरों पर किसानों की समस्याओं के निस्तारण में अनदेखी करने का आरोप जड़ा। गेंहू की फसल के मौसम में सूखी नहरों को लेकर आक्रोश जताया। पंचायत के बाद नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
राज्यपाल को संबोधित 8 सूत्रीय ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया। इसमें जनपद की सभी नहरों और माइनरों में टेल तक पानी उपलब्ध कराने, सिंचाई के लिए बगैर कटौती के 12 घंटे की बिजली आपूर्ति देने, धान क्रयकेंद्रों पर किसानों की उपज खरीद कराने, वृद्धा, विधवा और समाजवादी पेंशन का सत्यापन कराकर पात्रों को इसका लाभ दिए जाने, मौसम की मार से बर्बाद हुई फसलों का सभी किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई। चेताया कि यदि 8 दिन में किसानों की समस्याओं से जुड़ी इन मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो कार्यकर्ता जिलेभर के किसानों को एकजुट करके कलेक्ट्रेट में बेमियादी धरना देने को मजबूर होंगे। इस मौके पर सिद्धशरण गुप्ता, देवराज, मोतीलाल, एजाज अहमद, सूर्यपाल सिंह, माधुरी देवी, नूरजहां, रामराज, सुशील सिंह आदि मौजूद रहे।