bikesawar died in road accident in saraiakil
सरायअकिल। इलाके के तरना गांव के समीप बुधवार की देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पूरे बुआराम मजरा बसुहार गांव निवासी सीताराम द्विवेदी (42) पुत्र त्रियुगीनारायण द्विवेदी खेती-किसानी करके परिवार का गुजारा करता था। परिजनों के मुताबिक बुधवार को सीताराम किसी काम के सिलसिले में बाइक से प्रयागराज गया था। रात में घर लौटते समय सरायअकिल इलाके के तरना गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात होने के कारण सीताराम तकरीबन दो घंटों तक वहीं तड़पता रहा। इस दौरान उधर से गुजर रहे राहगीरों ने उसके मोबाइल फोन से घरवालों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन बदहवाश हालत में रोते-बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन उसे सीएचसी लेकर गए। लेकिन तब तक सीताराम की सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।