बाइक सवार बदमाशों ने निजी अस्पताल में किया फायर, दहशत
- सैनी कोतवाली के कनवार में सोमवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
अजुहा। सैनी कोतवाली के कनवार गांव स्थित निजी अस्पताल में सोमवार बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर अस्पताल में मौजूद स्टॉफ व मरीज दहशत में आ गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। कनवार निवासी शिवा का कहना है उन्होंने निजी अस्पताल खोला है। सोमवार रात वह अस्पताल में मौजूद थे। रात को बाइक से आए दो बदमाशों ने अस्पताल के बाहर फायर किया और भाग निकले। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। मामले में अज्ञात के खिलाफ संचालक ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा का कहना है घटना की जानकारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
मामूली बात पर भिड़े दंपती, हालत गंभीर
अजुहा। सैनी कोतवाली के धुमाई गांव के मजरा बड़ी बाग सोमवार को दंपती के बीच मारपीट हुई। घटना में दोनों लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें खून से लथपथ बेहोश पड़ा देखा तो एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सिराथू लाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। संवाद
बाइक की टक्कर से युवक जख्मी
सिराथू। कड़ाधाम कोतवाली क्षेत्र के दारानगर म्योहरा निवासी मुकेश ने बताया कि सोमवार को चकसैनी में उसने ऑटो खड़ा किया और पैदल घर जाने लगा। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद टक्कर मारने वाला भाग निकला था। इलाज कराने के बाद मंगलवार को मुकेश ने पुलिस को तहरीर दी है। संवाद
देवर ने भाभी को पीटा, शिकायत
सिराथू। सैनी कोतवाली क्षेत्र के मीठेपुर सयारा का मजरा मटियारा गांव की रजनी देवी पत्नी रमाकांत ने बताया कि उसका पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। सोमवार को देवर पानी भरने को लेकर हुए विवाद में उसे पीट दिया। रजनी ने मंगलवार को पुलिस से शिकायत की है। संवाद
-
जमीन पर कब्जे का आरोप
सिराथू। तहसील क्षेत्र के लुकिया निवासी संतोष कुमार का कहना है उसकी पुश्तैनी जमीन पर दबंग कब्जा कर रहे हैं। जमीन की ट्रैक्टर से जुताई भी करा ली गई है। मंगलवार को संतोष ने एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद
-
घर पर कब्जा कर रहे दबंग
मंझनपुर। संदीपनघाट कोतवाली के भीखमपुर गांव निवासी इरफान ने बताया कि उसके घर पर दबंग अवैध कब्जा करना चाह रहे हैं। सोमवार को चार पहिया व बाइक से पहुंचे दबंगों ने उसके घर पर उत्पात किया। घर में रहे परिजनों को पीटा गया। शोरगुल पर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है। संवाद