मूरतगंज बाजार में हादसे के बाद घायल पति पत्नी को इलाज के लिए एंबुलेंस से ले जाते हुए। संवाद
मूरतगंज बाजार में बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार दंपती को सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दुर्घटना में पति का पैर फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं पत्नी को भी चोटें आई हैं।
भरवारी निवासी श्रवण केसरवानी (42) पत्नी उर्मिला (40) के साथ बाइक से भरवारी से प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही वह मूरतगंज बाजार पहुंचे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद श्रवण का पैर फ्रैक्चर होने पर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मूरतगंज चौकी की सूचना पर रोडवेज बस को कोखराज पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।