Bike rider dies in road accident, chaos in the house
चरवा कोतवाली के भैरव भीटी के पास मंगलवार की शाम एक बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक प्रयागराज के नवाबगंज इलाके से कोखराज के मूरतगंज बाजार में अपने रिश्तेदार से मिलने आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
प्रयागराज के नवाबगंज कोतवाली क्षेत्र के मुनौवरपुर निवासी सुरेश पाल ने बताया कि उनका भाई राजेंद्र कुमार (38) मंगलवार को मूरतगंज बाजार में अपने रिश्तेदार से मिलने आया था। देर रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह चरवा कोतवाली के भैरव भीटी गांव के पास पहुंचा तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक समेत राजेंद्र कुमार सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान ही राजेंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत की मनहूस खबर मिलते ही परिजनों में रोना पिटना मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।