bike rider dies in marriege ceremony partner injured
- फोटो : KAUSHAMBI
कोतवाली के तरना गांव के समीप बेकाबू डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसके साथ रहा युवक गंभीर रूप से जख्मी है। दोनों अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरायअकिल कोतवाली के तरनी गांव निवासी दिवंगत रामआसरे पटेल की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उसके रिश्तेदार राजपुर जनपद कानपुर देहात निवासी शिवशंकर अपने साथी राज किशोर कटियार निवासी राजपुर कानुपर देहात के साथ आया था। बृहस्पतिवार को दोनों लोग किसी काम से बाइक लेकर तरना की तरफ गए थे। इस दौरान बेकाबू डंपर ने दोनों को रौंद दिया। घटना में शिवशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। राज किशोर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया, लेकिन काफी देर तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
मृतक व जख्मी युवक के पास से पहचान का कोई प्रमाण नहीं मिला था। गंभीर रूप से घायल होने के कारण राजकिशोर भी कुछ नहीं बता पा रहा था। काफी देर बाद दोनों की पहचान हो सकी। सीओ चायल श्यामकांत का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जख्मी युवक का इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद टक्कर मारने वाला डंपर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।