ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो गंभीर
- बुधवार सुबह करन चौराहा के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। कस्बे के करन चौराहे के समीप बुधवार सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर बैठी युवक की बहन और रिश्तेदार को भी गंभीर चोट आई है।
सरायअकिल कोतवाली के जुगराजपुर गांव निवासी शुभम (18) बुधवार सुबह अपनी बहन सुनीता और कनैली गांव के रिश्तेदार संजय को बाइक पर बैठाकर प्रयागराज रेलवे स्टेशन जा रहा था। शुभम और सुनीता को मुंबई जाना था। संजय उन्हें छोड़ने जा रहा था। जैसे ही तीनों करन चौराहे के समीप पहुंचे अचानक ट्रैक्टर चालक ने सड़क पर ट्रैक्टर मोड़ दिया। इसके बाद अनियंत्रित हुई बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। घटना में शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुनीता और संजय को पुलिस ने कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। शुभम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।