क्षेत्र के चित्तापुर गांव के पास शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक का मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। घटना के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के रामचंद्र का पुर निवासी अतुल कुमार श्रीवास्तव (22) पुत्र अशोक कुमार अपने ननिहाल कौशाम्बी थाना क्षेत्र के सिंघवल गांव पभोषा का मेला देखने आया था। बृहस्पतिवार की रात वह अपने मामा विजय के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। जैसे ही दोनों चित्तापुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मामा-भांजे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान चार पहिया वाहन अतुल को कुचलते हुए निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मामा विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल विजय को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस ने मृतक अतुल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश में जुटी है।