सैनी कोतवाली क्षेत्र के गुलामीपुर गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहे एक कंटेनर में पीछे से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार प्रतापगढ़ जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी 26 वर्षीय आकाश पुत्र छोटकू सोनकर की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई रियांश सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि आकाश अपने ममेरे भाई रियांश, जो सैनी कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर गांव का निवासी है के साथ फतेहपुर जनपद के थरियांव क्षेत्र स्थित बलरामपुर रसूलाबाद में अपनी ननिहाल से घर लौट रहा था।
गुलामीपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू ले गई, जहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं रियांश की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।