कोखराज के गिरधरपुर मोड़ के समीप शुक्रवार शाम गड्ढे में जाने से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
सैनी कोतवाली के गोरियों निवासी रामलखन शुक्रवार को 40 वर्षीय पत्नी सुनीता को लेकर मंझनपुर के बहादुरपुर गांव निमंत्रण गए थे। परिजनों ने बताया कि शाम करीब चार बजे घर वापस लौटते समय गिरधरपुर मोड़ के समीप सड़क पर गड्ढा होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसा देख उधर से गुजरे राहगीरों ने बाइक के नीचे दबे दंपती को बाहर निकाला, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी होने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद मौके की कानूनी औपचारिकता पूरी कीं।