बारा। वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे एक युवक की बाइक मंगलवार रात सोंधिया नदी पर बने पुल से टकरा गई। इससे युवक सूखी नदी में गिर गया। इसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि साथी घायल हो गया। वहीं अन्य हादसों में दो और लोगों की जान चली गई।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के हुसैनमई महगांव गांव का गोविंद यादव (19) पुत्र करन बीए का छात्र था। उसकी रिश्तेदारी कौशाम्बी इलाके के सोंधिया में है। मंगलवार को रिश्तेदार किशन यादव के बेटे धर्मेंद्र का तिलक था। गोविंद अपने एक साथी के साथ इसी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात लौटते वक्त इनकी बाइक अनियंत्रित होकर सोंधिया नदी पर बने पुल से टकरा गई। टक्कर होते ही गोविंद छिटककर नदी में गिर गया। मौके पर ही उसकी सांस थम गई। जबकि साथी घायल हो गया। हादसे की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहीं शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोखराज के जमालमऊ गांव का सोहन लाल (57) मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। मंगलवार रात किसी काम से वह मलाक भायल गया था। वहां पैदल सड़क पार करते समय एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। नगर कोतवाली के कादिराबाद गांव का प्रदीप (29) पुत्र होरीलाल किसान था। मंगलवार दोपहर किसी काम से वह मंझनपुर जा रहा था। बरइन का पूरा मोड़ के समीप सामने से आई बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे घायल प्रदीप की एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में देर रात सांसे थम गईं। हादसे के बाद से पीड़ित परिवारोें के सदस्यों की रो-रोकर हालत दयनीय हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।