बिजली विभाग ने बकाएदारों के खिलाफ सख्ती अपनाना शुरू कर दिया है। रविवार को मूरतगंज इलाके में बिजली विभाग के सघन चेकिंग अभियान से उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा रहा। टीम ने अभियान के दौरान कार्रवाई करने के साथ ही बकाया बिल भी वसूला।
जिले में बिजली के बकाएदारों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। जिसकी वसूली के लिए अधिशासी अभियंता प्रभाकर पांडेय ने अभियान चलाने का निर्देश दे रखा है। रविवार को जेई अरुण कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने मूरतगंज कस्बे के अलावा भीषमपुर, कसिया, धन्नी समेत आधा दर्जन गांवों में चेकिंग किया। इस दौरान दो दर्जन कनेक्शन काट दिए। जबकि 35 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक के 10 बड़े बकाएदारों के खिलाफ कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
इस दौरान तमाम उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने की बात कही। जिस पर जेई ने उपकेंद्र में कैंप लगाया। कैंप में 2 लाख 53 हजार रुपये बिजली का बकाया बिल वसूला गया। टीम में संतोष कुमार, उत्तम कुमार, अरविंद कुमार, सुभाष कुमार, राजेंद्र कुमार आदि शामिल रहे। जेई ने कहा है कि बकाएदार बिल का भुगतान कर दें। वरना उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बकाएदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। वसूली अभियान शुरू किया गया है। बकाएदार बिल जमा कर दें। वरना कनेक्शन काट दिया जाएगा।
प्रभाकर पांडेय, अधिशासी अभियंता, बिजली विभाग