कड़ा। कोतवाली के मीरापुर गांव में शनिवार को तेज रफ्तार पिकअप की टककर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद चालक पिकअप समेत फरार हो गया। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के दादूपुर निवासी घनश्याम यादव (55) पुत्र रामआसरे यादव की नातिन का शनिवार को जन्मदिन था। नातिन के जन्मदिन के लिए घनश्याम शनिवार शाम तकरीबन तीन बजे देवीगंज बाजार केक लेने गए थे। लौटते समय जैसे ही वह मीरा पुर मोड़ के पास पहुंचे तभी सैनी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
--------
महिला से दुष्कर्म का प्रयास कर रहे युवक को पकड़कर ग्रामीणों ने पीटा
कड़ा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला शनिवार की शाम घर पर अकेली थी। महिला के अकेलेपन का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक उसके घर में घुस गया। आरोप है कि महिला कुछ समझ पाती कि इससे पहले युवक ने उसे दबोच लिया। युवक के जोर जबर्दस्ती करने पर महिला ने शोर मचा दिया। चीखपुकार सुन पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को पकड़ लिया। जमकर धुनाई करने के बाद आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन कर रही है।