पीएचसी मूरतगंज के भीटी गांव में डायरिया का प्रकोप है। अब तक बीमारी की जद में 14 लोग आ चुके हैं। हालत नहीं सुधरने पर मरीजों को इलाज के लिए मनौरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर स्वास्थ्य विभाग को मामले की भनक तक नहीं है। ऐसे में तेजी से बढ़ रही बीमारी से ग्रामीण दहशतजदा हैं।
भीटी गांव में पिछले चार दिन से डायरिया ने अपना पांव पसार रखा है। बीमारी की जद में आए 14 लोगों का इलाज स्थानीय नीम हकीमों से कराया जा रहा था। हालत में सुधार नहीं होने पर मरीजों के परिजन शुक्रवार को उन्हें लेकर मनौरी के निजी अस्पताल पहुंचे और इलाज के लिए भर्ती कराया।
इनमें गांव की रिंकी (15), राहुल (10), शुभम (12), रुचि (09), आकाश (12), शिवानी (07), काजल (06), प्रशांत (05), दीपक (04), शनि (07), सत्यम (01), आयुष (04), रिया (07), अखिलेश (13) शामिल हैं। बीमारी के ठीक न होने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उनमें दहशत फैल गई। उधर पीएचसी मूरतगंज के चिकित्सकों को बीमारी की भनक तक नहीं है। मामले में पीएचसी प्रभारी डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि जानकारी नहीं थी। शनिवार को चिकित्सकों की टीम भेजकर पीड़ितों को पूरा इलाज कराया जाएगा।