भरवारी (कौशाम्बी)। विद्युत सबस्टेशन भरवारी में शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। आग से भरवारी टाउन और चायल फीडर की मशीनों को नुकसान हुआ है। आग से विभाग को करीब दो लाख रुपये की क्षति हुई है। वहीं इससे भरवारी कस्बे के साथ ही चायल फीडर से जुड़े 30 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। आग ओवरलोड के कारण हुई शार्टसर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है।
भरवारी में स्थानीय बाजार और आसपास के करीब 250 गांवों में बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवीए का विद्युत सबस्टेशन स्थापित किया गया है। इसी सबस्टेशन पर शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। बताया जाता है कि भरवारी पुरानी बाजार की लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। शिकायत पर फाल्ट ठीक करने के लिए उपकेंद्र में काम करने वाले प्राइवेट लाइनमैन शिवप्रसाद ने शटडाउन किया था। जैसे शटडाउन लेकर वह उपकेंद्र से बाहर निकला। अचानक उपकेंद्र में आग लग गई।
यह देख वहां मौजूद अन्य कर्मचारी चीखते-चिल्लाते भागे। उपकेंद्र से लपटें और धुएं का भीषण गुबार निकलते ही हड़कंप मच गया। चीखते-चिल्लाते आसपास के लोग भी जमा हो गए। पर, आग के कारण मशीनों और ट्रांसफार्मर फटने की आशंका से लोग नजदीक जाकर बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। लपटें तेज होती देख घबराए कर्मचारियों ने अफसरों के साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उपकेंद्र में आग लगने की खबर लगते ही मंझनपुर से पहुंचे दमकलकर्मी करीब घंटेभर तक जूझने के बाद आग पर काबू पा सके। हालांकि जब तक आग बुझाई जाती। भरवारी टाउन और चायल फीडर की मशीनें जल चुकी थी।
अवर अभियंता अरूण कुमार शुक्ल ने बताया कि आग से चायल और भरवारी टाउन फीडर को नुकसान हुआ है। इससे भरवारी कस्बे के साथ ही चायल फीडर से जुड़े करीब 30 गांवों की बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। अवर अभियंता के मुताबिक आग से करीब 2 लाख की क्षति हुई है। बताया कि आग से हुए उपकेंद्र की मशीनों में आई खराबी ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है। संभावना जताई कि शनिवार की शाम तक कस्बे के साथ ही प्रभावित गांवों में भी आपूर्ति बहाल हो जाएगी।