गैर संक्रामक रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग में कौशाम्बी ने प्रदेश में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक अप्रैल से अभी तक 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष व महिलाओं की हाईपरटेंशन, डायबिटीज सहित अन्य गैर संचारी रोगों की 76 प्रतिशत स्क्रीनिंग कर जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस सत्र में 30 साल से अधिक उम्र के 6,53,001 के लक्ष्य के सापेक्ष 4,96,383 व्यक्तियों की जांच की गई है। इसके अलावा आभा आईडी में जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से एनसीडी स्क्रीनिंग को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए आशा और एएनएम की टीम नियमित अभियान चला रही है। गांवों के स्वास्थ्य उपकेंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीएचओ और आशा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कम्यूनिटी बेस्ड असेसमेंट चेकलिस्ट (सी-बैक) फार्म भरकर उनकी जांच की जाती है।
जिन व्यक्तियों में गंभीर लक्षण पाए जाते हैं, उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल रेफर किया जाता है। जहां आवश्यक दवा और उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। हाइपरटेंशन, डायबिटीज जैसी बीमारियों के मरीजों को नियमित दवाएं उपलब्ध कराने के लिए उपकेंद्रों और पीएचसी स्तर पर दवा का स्टॉक सुनिश्चित किया गया है।
सीएचओ की टीम की ओर से फॉलोअप भी लगातार किया जाता है। इसके अलावा, जिले में आभा आईडी जनरेट कर कार्ड बनाने में भी अपना जिला सराहनीय रहा। कुल जनसंख्या 15,78,782 में से अब तक 11,09,115 महिला व पुरुष की आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) आईडी बनाई जा चुकी है। जो 70 फीसदी उपलब्ध हो पाई है। इस आधार पर आभा आईडी बनाने में कौशाम्बी प्रदेश में तीसरे स्थान पर आया है।
- एनसीडी स्क्रीनिंग और आभा आईडी बनाने में कौशाम्बी की ओर से प्राप्त यह उपलब्धि स्वास्थ्य टीम की प्रतिबद्धता और सामूहिक होकर कार्य करने का परिणाम है। आने वाले समय में हम 100 फीसदी एनसीडी स्क्रीनिंग और आभा आईडी जनरेशन पूरा कर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। - डॉ. संजय कुमार, सीएमओ
जनसुनवाई निस्तारण में प्रदेश में चायल तहसील पहले स्थान पर
चायल। तहसील ने राजस्व कार्यों और जनसुनवाई निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। पिछले चार महीनों से तहसील का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। जून में चायल पहले स्थान पर रहा, जबकि जुलाई में 37वें स्थान पर खिसक गया था। उसके बाद अगस्त, सितंबर और अक्तूबर माह में चायल तहसील ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि आईजीआरएस निस्तारण के साथ-साथ आम जनता की संतुष्टि भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे कार्य की वास्तविक कसौटी बताया। जिला प्रशासन ने चायल तहसील की टीम के प्रयासों की सराहना की है और अन्य तहसीलों को राजस्व कार्यों तथा शिकायत निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से अक्तूबर 2025 में चायल तहसील ने 100 में से पूरे 100 अंक हासिल कर रिकॉर्ड बनाया है। संवाद