कड़ा के कालेश्वर घाट में मधुमक्खियां के हमले से युवती को बचाती वृद्ध महिला स्रोत सोशल मीडिया
गंगा स्नान के दौरान सोमवार को मधुमक्खियों के हमले से प्रतापगढ़ जनपद के श्रद्धालु घायल हो गए। घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र से करीब 40 श्रद्धालु बस से कड़ा धाम पहुंचे थे। सभी श्रद्धालु माता शीतला के दर्शन-पूजन से पूर्व गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान घाट किनारे एक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते का झुंड अचानक भड़क गया और स्नान कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घाट पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मधुमक्खियों के डंक से कई श्रद्धालु घायल हो गए। 75 वर्षीय मनोरमा देवी अपनी 16 वर्षीय नातिन स्नेहा को बचाने के प्रयास में घायल हो गईं, जबकि स्नेहा डंक लगने से बेहोश हो गई। एक अन्य श्रद्धालु अरविंद्र पटेल मधुमक्खियों से बचने के लिए कपड़े और मोबाइल समेत गंगा में कूद गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद कई श्रद्धालु बिना स्नान किए ही घाट से वापस लौट गए। हालांकि शाम को श्रद्धालुओं ने शीतला मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद सभी सकुशल प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गए।