अदालत परिसर में महिला व पिता से मारपीट, सटाया तमंचा
दहेज उत्पीड़न व भरण-पोषण के वाद की गवाही में आई थी महिला
दहेज उत्पीड़न व भरण-पोषण के मामले में गुरुवार को पिता के साथ गवाही के लिए आई विवाहिता को उसके पति ने कोर्ट परिसर में पीटा। बीच-बचाव करने पर पिता को तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। हंगामा देख वकील दौड़े तो आरोपी भाग निकला। मामले की तहरीर सदर कोतवाली में दी गई है।
करारी कस्बे के आजाद नगर निवासी पूर्व सभासद नईम कुरैशी ने अपनी बेटी महरोज जहां की शादी वर्ष 2009 में सैनी कोतवाली के ननमई गांव निवासी तौफीक आलम के साथ हुई थी। इन दिनों तौफीक परिवार के साथ कानपुर के जाजमऊ में रहता है। शादी के बाद से ही तौफीक पत्नी को बेरहमी से पीटता था। 19 मार्च 2014 को उसने महरोज को बेरहमी से पीटा और एकलौता बेटा छीन कर घर से निकाल दिया। इस मामले में तौफीक सहित आधा दर्जन ससुरालियों के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न का केस करारी कोतवाली में दर्ज कराया गया। महरोज ने भरण-पोषण का भी एक वाद दायर कर रखा है। दोनों मामलों में गुरुवार को गवाही व बयान था। इसी को लेकर महरोज अपने पिता के साथ कचहरी आई थी। तौफीक भी परिवार के साथ आया था। गवाही के बाद जैसे ही महरोज व नईम कोर्ट से बाहर निकले तभी परिसर में तौफीक ने मारपीट शुरू कर दी। नईम को तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दिया। शोरगुल होने पर कचहरी के अधिवक्ता बचाने के लिए दौड़े तो तौफीक भाग निकले। मामले में तौफीक सहित चार लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दिया गया है। इंस्पेक्टर उदयवीर का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।