कौशांबी और फतेहपुर की सीमा पर सोमवार सुबह आवारा मवेशी हांकने को लेकर जमकर बवाल हुआ। दोनों जिलों के लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। हमले में जिले के छह लोग जख्मी हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की शिकायत पइंसा कोतवाली पुलिस से की गई है। पइंसा कोतवाली क्षेत्र का गोसइलमपुर गांव फतेहपुर जिले के किशुनपुर गांव की सीमा में हैं। इन दिनों गांवों में किसानों की धान की नर्सरी तैयार है। तमाम किसानों ने धान की बेहन भी लगा ली है। इसे लेकर आवारा मवेशियों की भीड़ बढ़ गई है। गांव के किसान अपने यहां के आवारा मवेशियों को एक-दूसरे की तरफ खदेड़ते रहते हैं। सोमवार को भी दोनों गांव के लोग मवेशियों को एक-दूसरे के यहां खदेड़ रहे थे।
मामले में दोनों गांव के लोगों के बीच गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों गांव के लोग एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। पथराव की घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना में गोसइलमपुर के कौसर अली, शेट्टी सहित आधा दर्जन लोग चोटिल हुए हैं। दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोट आई है। हंगामे की जानकारी पर गांव के बड़े-बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। कौसर अली ने किशुनपुर गांव के लोगों के खिलाफ पइंसा कोतवाली में तहरीर दी है। घटना को लेकर दोनों गांव के बीच तनातनी का महौल है।