मंझनपुर (ब्यूरो)। ट्रांसफार्मर फुंकने से करारी के बैशकांटी में महीने भर से बत्ती गुल है। गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति ठप होने से गांववाले परेशान हैं। आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी अब तक जला ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है। बिजली विभाग के अधिकारियों की इस लापरवाही से गांव के लोगों में आक्रोश है।
करारी क्षेत्र के बैशकांटी गांव के डॉ संतोष सिंह, देवेन्द्र सिंह, फूल सिंह, ननका सेन, धर्म सिंह आदि ने बताया कि उनके गांव में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जो महीनेभर से जल गया था। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना स्थानीय जेई को उसी दिन दे दी गई थी। पर, उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। कई बार शिकायत करने के बाद अभी दस दिन पहले अफसरों ने ट्रांसफार्मर मंगवाकर मंझनपुर स्टोर में रखवा दिया। पर, अब तक गांव में दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लगवाया जा सका है।
ग्रामीणों की मानें तो ट्रांसफार्मर के लिए वे रोजाना मंझनपुर आते हैं। पर, बिजली विभाग के अधिकारी उन्हें आश्वासन देकर लौटा देते हैं। इसे लेकर गांव के लोगों में नाराजगी है। उधर, गर्मी के मौसम में महीनेभर से बत्ती गुल होने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या छोटे-छोटे बच्चों, बीमार बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है। साथ ही नलकूप ठप होने से किसानों की उरद, मूंग और सब्जियों की फसलें भी सूखकर नष्ट हो रही हैं। बृहस्पतिवार को गांववालों ने इसकी शिकायत एक्सईएन से की। चेताया है कि यदि दो दिन में उनके गांव में ट्रांसफार्मर नहीं लगा, तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। मामले में एक्सईएन आरएन सिंह का कहना है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर भेजकर गांव की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल करा दी जाएगी।