Baratis vandalize shop in Pipri area, case filed against 11 people
- फोटो : KAUSHAMBI
पिपरी इलाके में बरातियों ने दुकान में की तोड़फोड़, 11 लोगों पर केस दर्ज
गेस्ट हाउस पहुंचे इंस्पेक्टर पिपरी से भी बदसलूकी किए जाने की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ चौराहे पर गुरुवार रात बरातियों ने एक दुकान में तोड़फोड़ की। दुकानदार को पीटने के साथ ही दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। चर्चा रही कि आरोपियों की पहचान कराने गेस्ट हाउस पहुंचे पिपरी इंस्पेक्टर तथा अन्य पुलिस कर्मचारियों से भी अभद्रता की गई। मामले में दूल्हे के पिता समेत 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल कोई भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं है।
तिल्हापुर मोड़ निवासी आशीष केसरवानी पुत्र गुलाब ने स्थानीय चौराहे पर चाय-नाश्ते की दुकान खोल रखी है। दुकान के समीप स्थित एक गेस्ट हाउस में गुरुवार रात इलाके के गांजा गांव से बरात आई थी। बरात में शामिल दो लड़कों ने आशीष की दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचे। रुपये कम देने को लेकर उनका आशीष से झगड़ा हो गया। आरोप है कि इसी बीच आरोपी युवकों ने फोन करके करीब दस बरातियों को मौके पर बुला लिया। इन्होंने गाली-गलौज करते हुए आशीष की पिटाई कर दी। भीतर घुसकर दुकान का सामान तोड़ डाला। कोई बीच-बचाव करता, इससे पहले ही हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे हड़कंप मच गया। दुकानदार दुकानें बंद करके फरार हो गए। बताया जाता है कि हमलावरों ने पथराव भी किया। हंगामे ही सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गए। इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह उपद्रवियों की पहचान कराने पीड़ित को लेकर फोर्स के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे। बताया जात है कि गेट बंद कर दिया गया था। आरोप है कि किसी तरह भीतर दाखिल हुई पुलिस तथा इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी तक की गई। हालांकि इंस्पेक्टर आरोप को नकार रहे हैं। मामले में दूल्हे के पिता अजय सिंह और दस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
----
इनका कहना है
एक नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही दुकानदार की पिटाई की है। पुलिस से अभद्रता की बात गलत है।-अतुल कुमार सिंह-इंस्पेक्टर, पिपरी