सिराथू (ब्यूरो)। तहसील परिसर में गुरुवार को अधिवक्ता संघ का चुनाव हुआ। इसमें बालेंद्रधर द्विवेदी को अध्यक्ष व विनोद कुमार श्रीवास्तव को महामंत्री चुना गया। नतीजों की घोषणा होते ही विजई खेमा खुशी से झूम उठा। समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
भारी गहमागहमी के बीच हुए चुनाव में तहसील के 85 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बालेन्द्र धर द्विवेदी ने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रदीप रस्तोगी को छह मतों से पराजित किया। चुनाव में बालेंद्र को 45 व निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रदीप रस्तोगी को 39 मत मिले। महामंत्री पद के लिए विनोद कुमार श्रीवास्तव को कुल 56 मत प्राप्त हुए। विनोद अपने प्रतिद्वंद्वी सतीश कुमार मिश्रा को 27 मतो के अंतर से पराजित किया। कोषाध्यक्ष पद के लिए ओमकार नाथ मिश्रा व सत्यदेव के मध्य काटे की लड़ाई थी।
ओमकार को 43 मत प्राप्त हुए। वहीं सत्य देव को 42 मतो से ही संतोष करना पड़ा। इस प्रकार ओमकार नाथ एक मत के मामूली अंतर से चुनाव जीत गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राम नरेश सिंह, संयुक्त मंत्री पद पर दीपक कुमार पांडेय व आय व्यय निरीक्षक पद पर ओमप्रकाश मौर्य निर्विरोध विजयी घोषित हुए। अधिवक्ता संघ सिराथू का चुनाव परिणाम आने के बाद विजई प्रत्याशी के समर्थकों ने एक दूसरे को मिठाई खिला कर जीत की बधाइयां दी ।