क्षेत्र के नेवारी गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर बेखौफ बदमाशों ने सरेराह ड्राइवर को बंधक बनाकर ट्रक लूटने की कोशिश की। शोर मचाने पर बदमाश विक्रम पर सवार होकर भाग निकले। शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने देर रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चरवा कोतवाली के भाऊ का पुरवा काजू निवासी मनोज कुमार यादव पेशे से ड्राइवर हैं। बृहस्पतिवार को वह ट्रक पर एफसीआई का राशन लाद कर मनौरी गए थे। राशन उतार कर लौटते समय दोपहर सवा दो बजे दरियापुर चौराहा से आगे नेवारी गांव के पास सड़क किनारे विक्रम पर सवार बदमाश बेवजह उससे गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर ट्रक लूटने का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों को आता देख आरोपी ट्रक छोड़कर विक्रम पर सवार होकर नेवारी की तरफ भाग गए। पीड़ित ट्रक ड्राइवर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही है।